लातेहार। लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध प्राचीन पहाड़ी मंदिर परिसर में चोरों ने मां पार्वती मंदिर को निशाना बनाया। शनिवार रात चोर मंदिर से मां पार्वती का मुकुट समेत कई अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मंदिर के पुजारी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह मंदिर पहुंचने पर चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों को घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।
बरवाडीह थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

