जेटेट परीक्षा देकर लौट रहे शिक्षक दंपति को पिकअप ने मारी टक्कर, पति की मौत

धनबाद। निरसा थाना क्षेत्र के गोपालगंज मोड़ के पास रविवार को तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से एक बाइक सवार सरकारी शिक्षक अशरफ अली (36) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी खातून घायल हो गईं। हादसे के बाद भागने के दौरान पिकअप चालक ने एक अन्य बाइक सवार अक्षय चक्रवर्ती को भी टक्कर मार दी। इस घटना में अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, अशरफ अली और उनकी पत्नी जाह्नवी खातून रविवार को धनबाद के सिटी पब्लिक स्कूल में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) देने आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से बराकर लौट रहे थे। इसी दौरान गोपालगंज मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अशरफ अली गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अशरफ अली को मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि अशरफ अली मूल रूप से पश्चिम बंगाल के 24 परगना के रहने वाले थे। उनकी पोस्टिंग निरसा में थी, जबकि पत्नी जाह्नवी की पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में थी। दोनों बराकर में किराये के मकान में रहते थे। पदोन्नति के उद्देश्य से दोनों जेटेट की परीक्षा देने धनबाद आए थे।

वहीं, हादसे के बाद भाग रहे पिकअप चालक ने रास्ते में बाइक सवार अक्षय चक्रवर्ती को भी अपनी चपेट में ले लिया। अक्षय टाइल्स और मार्बल का काम करते हैं। वे खाना खाने घर लौट रहे थे। इस दौरान उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें भी एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top