जेटेट परीक्षा को लेकर डीसी और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

खूंटी। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर रविवार को उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा संचालन की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, अभ्यर्थियों की सुविधाओं और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक बिरसा कॉलेज खूंटी, लक्ष्मी नारायण हाई स्कूल मुरहू, सेंट मेरी गर्ल्स हाई स्कूल मुरहू सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने केंद्रों में अभ्यर्थियों के प्रवेश, जांच प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों का अवलोकन किया।

इस दौरान उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को परीक्षा के निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कदाचार की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी पदाधिकारी पूरी सतर्कता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों की समुचित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने यह भी कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि खूंटी जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन कुल 24 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया गया। परीक्षा में लगभग 11 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top