उपायुक्त ने 16 सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारियों को समारोह आयोजित कर दी विदाई

रांची। समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए में शनिवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के 16 सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घकालीन सेवाकाल और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की।

उपायुक्त ने बताया कि रांची जिले में शिक्षक सम्मान सह सेवानिवृत्ति दरबार का आयोजन लगातार 22 महीनों से नियमित रूप से किया जा रहा है। इसके तहत सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को उनके सभी सेवानिवृत्ति लाभ उसी दिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने इसे पूरे राज्य में एक अनूठी पहल बताया।

उपायुक्त ने सेवानिवृत्त शिक्षकों से कहा कि वे सेवानिवृत्ति को जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नए चरण की शुरुआत समझें। अपने अनुभवों का उपयोग समाज के हित और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन में करें। मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को इसके प्रति जागरूक करने में सेवानिवृत्त शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने वंचित बच्चों की शिक्षा में भी योगदान देने की अपील की।

समारोह में ठाकुर दास महतो, मोहम्मद अब्दुल मतीन, देवी प्रसाद मुखर्जी, देव कुमारी रीता, सविता मिंज, मीना प्रसाद और सुधीर लकड़ा सहित कुल 16 शिक्षक एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

मौके पर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम धनंजय, जिला शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद वसीम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top