नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई पक्ष-विपक्ष नेताओं ने शुक्रवार को छठ पूजा के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।”
ओम बिरला ने कहा कि छठ पूजा सभी की आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का एक महान पर्व है। भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना को समर्पित यह पर्व भक्ति, आत्म-अनुशासन, पवित्रता और समर्पण का संदेश देता है। ‘नहाय-खाय’ से लेकर ‘खरना’, निर्जला व्रत, और डूबते तथा उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक, इसकी हर परंपरा जीवन में अनुशासन, धैर्य और आध्यात्मिक पवित्रता के महत्व को रेखांकित करती है। यह पर्व सभी को प्रकृति की रक्षा करने, अपने परिवारों को संजोने और समाज में आपसी सहयोग व सद्भावना बनाए रखने की भी प्रेरणा देता है। भगवान सूर्य और छठी मैया की कृपा से सभी देशवासियों के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि आए। यह पावन पर्व समाज में सद्भावना, आपसी सहयोग और जन-कल्याण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लोक आस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा का महापर्व छठ आज नहाय-खाय के पवित्र अनुष्ठान के साथ शुरू हो रहा है। भगवान सूर्य की पूजा और छठी मैया की वंदना को समर्पित यह महान त्योहार हमारी समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का एक अनूठा प्रतीक है। छठी मैया और भगवान सूर्य की असीम कृपा सभी के जीवन में सुख, शांति, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए और सभी की मनोकामनाएँ पूरी हों।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि लोगों की आस्था से जुड़ा महापर्व ‘छठ’ आज ‘नहाय-खाय’ के साथ शुरू हो रहा है। सभी को, और विशेष रूप से छठ का व्रत रखने वालों को, ‘नहाय-खाय’ की हार्दिक शुभकामनाएँ। छठी मैया का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।
केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आज ‘नहाय-खाय’ की पवित्र रस्म के साथ इस पर्व का आरंभ हो रहा है। भगवान सूर्य का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योगमंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि नदी के तटों पर आस्था की डुबकी हर घर में कद्दू और चावल की भीनी-भीनी महक आज ‘नहाय-खाय’ के साथ, लोक-आस्था का महापर्व ‘छठ’ शुरू हो गया है। भगवान सूर्य और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य आए।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छठी मैया और भगवान भास्कर का आशीर्वाद सभी पर निरंतर बना रहे। हर घर-आंगन खुशहाली, समृद्धि, सुख और आनंद से भर जाए। सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हों यही प्रार्थना है।
केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटनमंत्री गजेन्द्र सिहं शेखावत ने कहा कि यह पर्व लोगों की आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना का प्रतीक है। भगवान सूर्य और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि आए।
केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं आधिकारितामंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि भगवान भास्कर और छठी मैया की कृपा से आप सभी के जीवन में उन्नति, सुख, समृद्धि और प्रगति आए, यही उनकी मंगलकामना है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारत की महान भारतीय संस्कृति की यह एक अनूठी विशेषता है कि सभी डूबते हुए सूर्य को भी उसी भक्ति और सम्मान के साथ पूजते हैं, जैसे उगते हुए सूर्य को। यह परंपरा प्रकृति के साथ हमारे गहरे जुड़ाव और जीवन के हर चरण का सम्मान करने का महत्व सिखाती है। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा, खुशहाली, समृद्धि और आनंद लेकर आए यही हार्दिक कामना है।

