रांची। रांची नगर निगम ने राजधानी में व्यवस्थित यातायात, सुरक्षित आवागमन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। निगम की इंफोर्समेंट टीम ने विमेंस कॉलेज और सेंट जेवियर्स कॉलेज के आसपास सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों से अस्थायी संरचनाओं और सड़क किनारे सामान बेचने वालों को हटाया।
अभियान के दौरान विमेंस कॉलेज के साइंस ब्लॉक के पास सड़क पर बनी 10 अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया तथा दो ठेले जब्त किए गए। इसके बाद सर्कुलर रोड स्थित सेंट जेवियर्स कॉलेज के सामने भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यहां से तीन काउंटर, दो टेबल सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान सड़क और पैदल आवागमन के लिए निर्धारित स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया। निगम के अनुसार, इससे कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन में सुविधा मिलेगी।
अभियान के दौरान संबंधित लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि सड़क, फुटपाथ या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण, पैदल यात्रियों के लिए सुगम मार्ग और आम नागरिकों के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना है।
निगम ने दुकानदारों और आम लोगों से सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है।

