मेयर ने सिविल सर्जन को लिखा पत्र, छठ घाटों पर एंबुलेंस-मेडिकल टीम की तैनाती के दिए निर्देश

रांची। रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो ने स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में विशेष चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रांची को पत्र लिखकर आगामी तीन से चार महीनों तक अस्पतालों में जरूरी सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा है।

दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए बर्न वार्ड को पूरी तरह सक्रिय रखने, जीवनरक्षक उपकरण, दवाइयां और एंबुलेंस उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया है। वहीं, छठ महापर्व के दौरान अधिक भीड़ वाले घाटों पर एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर और मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे कि श्रद्धालुओं को आपात स्थिति में तत्काल इलाज मिल सके। आपातकालीन सेवाओं की निगरानी के लिए वरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय करने का निर्देश दिया गया है।

मेयर ने सर्दी के दौरान अस्पतालों में चादर, कंबल, बेड और दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। खासकर सदर अस्पताल के सभी वार्डों का संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन निरीक्षण करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top