लोक आस्था का महापर्व डाला छठ 13 नवंबर से, नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय अनुष्ठान

रांची: लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू होने जा रहा है। राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बाजारों में पूजन सामग्री, फल, दउरा, सूप और पारंपरिक परिधानों की खरीदारी तेज हो गई है।

चार दिवसीय इस अनुष्ठान के पहले दिन 13 नवंबर को नहाय-खाय संपन्न होगा, जिसमें व्रती नदी या जलाशय में स्नान कर अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू का सात्विक प्रसाद ग्रहण करेंगे। 14 नवंबर को खरना का व्रत रखा जाएगा, जहां दिनभर निर्जला उपवास के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का भोग लगाकर 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होगा। इसके बाद 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया जाएगा और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व का पारण होगा।

राजधानी के प्रमुख जलाशयों जैसे बड़ा तालाब, धुर्वा डैम, हटिया डैम, चडरी तालाब, जेल मोड़ तालाब और स्वर्णरेखा नदी घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था का काम नगर निगम व स्थानीय पूजा समितियों द्वारा युद्धस्तर पर किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक लगाए जा रहे हैं। पारंपरिक छठ गीतों की गूंज से पूरी राजधानी का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top