देवघर: झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 के उपलक्ष्य में गुरुवार को स्थानीय के.के.एन. स्टेडियम में जिला स्तरीय “भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण तथा स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता-2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष कुमार सिन्हा और नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने संयुक्त रूप से तीरंदाजी (तीर चलाकर) कर इस दो दिवसीय आयोजन का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और पारंपरिक जनजातीय खेल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं और स्वस्थ शरीर व मानसिक विकास के लिए इन्हें बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजनों से जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का एक सशक्त मंच मिलेगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने भी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
19 से 20 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 14 से 40 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में गुलेल, मटका दौड़, गेड़ी दौड़, भारा दौड़ और तीरंदाजी के मुकाबले हो रहे हैं, जबकि टीम स्पर्धाओं में सेकोर, फुटबॉल, हॉकी और वॉलीबॉल का रोमांच देखने को मिल रहा है।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजयी रहने वाली टीमें आगामी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में देवघर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके पश्चात प्रमंडल स्तर की विजेता और उपविजेता टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कोच और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।
