2029 में जनता के बीच सभी वादे पूरे करके जाएगी भाजपा : अमित शाह

चंडीगढ़। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वह भले ही धीरे-धीरे बोलते हैं, लेकिन काम करने में बहुत तेज हैं। उन्होंने हरियाणावासियों को भरोसा दिलाया कि वर्ष 2029 में जब भाजपा जनता के बीच वोट मांगने जाएगी, तब पार्टी अपने घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों और गारंटियों को पूरा करके जाएगी।अमित शाह गुरुवार को अंबाला में आजादी की पहली लड़ाई (1857) के शहीद स्मारक के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जहां 10 मई, 1857 को क्रांतिवीरों ने अंग्रेजों के शासन के विरुद्ध क्रांति का बिगुल फुंका था और उनकी एक शुरुआत पूरे देशभर में देखते ही देखते आग बनकर फैल गई थी। पूरी दुनिया देखकर आश्चर्यचकित रह गई थी कि जिस अंग्रेजी सरकार का सूर्य कहीं डूबता नहीं था, उसकी नींव हिलाकर रखने वाला वो 1857 का स्वतंत्रता संग्राम, जिस अंबाला की भूमि पर शुरू हुआ, उसे मैं बार-बार प्रणाम करता हूं। अमित शाह ने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम को अंग्रेजियत से प्रेरित, वामपंथी विचारधारा वाले इतिहासकारों ने एक विद्रोह का नाम दिया। विद्रोह शब्द है अंग्रेजों के लिए। वीर सावरकर ने सच कहा था कि क्रांति हम सब भारत माता की संतानों के लिए विद्रोह नहीं बल्कि स्वतंत्रता संग्राम है। उन्होंने कहा कि सन 1857 से लेकर 1947 तक का 90 साल का यह महान संघर्ष,जिसमें अनेक शहीदों ने सर्वस्व बलिदान दिया, तब जाकर हमें आजादी मिली।

उन्होंने इस स्मारक के निर्माण के लिए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री अनिल विज के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन सभी के विशेष प्रयासों से यह विराट शहीद स्मारक आज बनकर तैयार हुआ है।

उन्होंने कहा कि जब खेलों में भारत की मेडल तालिका की बात आती है तो उस तालिका में नंबर वन पर हरियाणा रहता है। जब देश को जरूरत थी अन्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की, तो हरियाणा के किसानों ने देश के अनाज के भंडार भर दिए। श्वेत क्रांति में भी हरियाणा का बहुत बड़ा योगदान है।

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा की इसी भूमि पर आज 22 एकड़ भूमि पर 23 गैलरियों के साथ सन् 1857 की क्रांति का अद्भुत स्मारक बना है। स्मारक में आधुनिक तकनीक के माध्यम से, होलोग्राफी और इंटरएक्टिव प्रोटेक्शन के साथ दस्तावेज और हरियाणा की सभी प्रकार की कलाओं को संजोने का एक अद्भुत प्रयास हुआ है। केंद्रीय गृह मंत्री ने इस मौके पर 1260 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नेशनल हाइवे 152—जी जलबेड़—शाहबाद खंड का भी लोकार्पण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top