खेल महोत्सव पर आयोजित खेल प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम

खूंटी। संत जोसेफ हाई स्कूल, तोरपा में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। इसमें प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

महोत्सव में फुटबॉल, हॉकी, खो-खो, कबड्डी, 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ सहित रिले रेस जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का उद्घाटन अंचल अधिकारी पूजा बिन्हा, जिला परिषद सदस्य सुशांति कोनगाड़ी, प्रखंड प्रमुख रोहित सुरीन सहित अन्य ने किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और आत्मविश्वास की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी रुचि लेने और जिला और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के परिणाम में अंडर-14 बालक वर्ग में एसपीजी तपकरा विजेता और उत्क्रमित मध्य विद्यालय काजुरदाग उपविजेता रहा। अंडर-18 बालक वर्ग में संत जोसेफ उच्च विद्यालय, तोरपा विजेता और निर्मला उच्च विद्यालय, डोड़मा उपविजेता बना। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में उर्सूलाइन डोड़मा विजेता और आरसी मध्य विद्यालय, पंडरा उपविजेता रहा। अंडर-18 बालिका वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय चुरदाग विजेता और राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय ईचा उपविजेता बना।

हॉकी में अंडर-14 बालिका वर्ग में संत तेरेसा मध्य विद्यालय तोरपा, अंडर-18 बालिका वर्ग में संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय तोरपा और अंडर-18 बालक वर्ग में निर्मला उच्च विद्यालय डोड़मा विजेता रहे।

कार्यक्रम का संचालन बीपीओ मनमोहन साहु के निर्देशन में हुआ।

मौके पर रामधनी सिंह, मिकी ग्रेस भेंगरा, सुधांशु साहु, बुधनाथ गुड़िया, राजेश केरकेट्टा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top