देवघर में भादो मेला 2026 की तैयारियां तेज: उपायुक्त ने पंडा धर्मरक्षिणी सभा के साथ की समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश

देवघर: राजकीय श्रावणी मेले के सफल समापन के बाद देवघर जिला प्रशासन ने आगामी भादो मेला-2026 के सुरक्षित और सुगम संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-प्रशासक (बाबा बैद्यनाथ मंदिर) सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में पंडा धर्मरक्षिणी सभा, तीर्थ पुरोहितों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों ने श्रावणी मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया और आगामी भादो मेले में भी पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सेवा और विधि-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यपालक अभियंताओं को मेला क्षेत्र और रूटलाइन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही पूरे मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती कर नियमित सैनिटाइजेशन कराने तथा सिविल सर्जन को पर्याप्त संख्या में मेडिकल कैंप व एम्बुलेंस तैयार रखने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मंदिर के आसपास ‘भादो मेला सूचना सह सहायता केंद्र’ संचालित किए जाएंगे, जहां से खोया-पाया, रूट चार्ट और पूजा से जुड़ी जरूरी जानकारियां प्रसारित होंगी।
इस समन्वय बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, एसडीओ रवि कुमार, सिविल सर्जन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के प्रतिनिधि और तीर्थ पुरोहित समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top