हजारीबाग : तीन दिवसीय प्रमंडलीय खेल महोत्सव को लेकर सोमवार को हजारीबाग में खेल मशाल जुलूस निकाला गया। बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) से निकले मशाल जुलूस में विभिन्न खेल एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और खेलप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जुलूस के माध्यम से शहरवासियों को खेल महोत्सव में भागीदारी और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का संदेश दिया गया।
उपायुक्त हेमंत सती की पहल एवं मार्गदर्शन में पहली बार हजारीबाग प्रमंडलीय मुख्यालय में तीन दिवसीय प्रमंडलीय खेल महोत्सव का आयोजन 29, 30 एवं 31 अगस्त 2026 को बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड), हजारीबाग में किया जा रहा है। इस आयोजन में हजारीबाग के साथ-साथ कोडरमा, चतरा, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।खेल महोत्सव में फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, तीरंदाजी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के रहने, खाने-पीने और आवागमन की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की गई है।मशाल जुलूस शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान खिलाड़ियों और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खेल मशाल को लेकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने जुलूस की अगुवाई की।आयोजन को लेकर गठित कोर कमेटी की बैठक हजारीबाग ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा एवं नगर निगम के मेयर अरविंद राणा की अगुवाई में हुई। बैठक में खेल महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न खेल संगठनों, पूर्व एवं वर्तमान खिलाड़ियों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।आयोजकों ने बताया कि खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, स्थानीय एवं प्रमंडल स्तर की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और हजारीबाग को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। आयोजन के अंतिम दिन विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करने के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।जिला प्रशासन और खेल संगठनों की तैयारियों के बीच खेल महोत्सव को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है। पहली बार आयोजित हो रहे इस प्रमंडलीय स्तर के खेल महोत्सव को हजारीबाग में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

