पलामू। एसपी कपिल चौधरी ने गुरुवार को मेदिनीनगर के टीओपी वन, टू और थ्री को मिनी थाना के रूप में विकसति करने की पहल की। पहली बार तीनों जगह सब इंस्पेक्टर की तैनाती की है। तीन में से दो सब इंस्पेक्टर थाना प्रभारी रह चुके हैं। ऐसे में उनके नेतृत्व में टीओपी को बेहतर बल मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि छह माह पहले तक यहां सहायक अवर निरीक्षक (एएसआइ) स्तर के पुलिस पदाधिकारी को प्रभारी की जिम्मेवारी सौंपी जाती थी।
एसपी कपिल चौधरी ने ही टीओपी वन, टू और थ्री में एएसआइ प्रभारियों को हटा दिया था और मेदिनीनगर शहर थाना से पूरी व्यवस्था की देखरेख को प्रभावी किया था। लेकिन एक बार फिर एसपी ने अपने निर्णय में बदलाव लाते हुए प्रभारियों को अपडेट करते हुए पुरानी व्यवस्था को फिर से लागू कर दी है।
एसपी ने शहर थाना में कार्यरत सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता को टीओपी 01 का प्रभारी बनाया है। संतोष कुमार सदर थाना में बतौर थाना प्रभारी सेवा दे चुके हैं। इसी तरह सब इंस्पेक्टर सोनू कुमार गुप्ता टीओपी-2 के प्रभारी बनाये गए हैं। सब इंस्पेक्टर निर्मल उरांव टीओपी-3 के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। निर्मल उरांव मनातू थाना के प्रभारी रह चुके हैं। पुलिस अधीक्षक ने तीनों टीओपी प्रभारियों से बेहतर कार्य करने की उम्मीद जताई है। विधि व्यवस्था संधारण में जवाबदेही सुनिश्चित की है।
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि सभी टीओपी मिनी थाना की तरह कार्य करेंगे। टीओपी की जिम्मेदारी फिक्स की गई है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस की योजना है कि टाउन थाना क्षेत्र में अपराध और आपराधिक गतिविधि के खिलाफ कार्रवाई करने की, इसलिए टीओपी को मजबूत किया गया है।
मेदिनीनगर शहर को 3 अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है और टीओपी का गठन किया गया है। एक टीओपी यूनिवर्सिटी के लिए अलग से बनाई गई है। टीओपी-1 के अंतर्गत पूरा बाजार क्षेत्र समाहरणालय परिसर आता है। टीओपी-2 के अंतर्गत बेलवाटिकर, रेलवे स्टेशन और रेडमा, बारालोटा का इलाका आता है। टीओपी-3 के अंतर्गत बैरिया हमीदगंज सुदना हाउसिंग कॉलोनी का इलाका आता है।

