धनबाद। झारखंड स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिला स्तरीय परिसंपत्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच करोड़ों रुपये की परिसंपत्तियां, चेक, कृषि उपकरण और नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। समारोह का खास आकर्षण मंईयां सम्मान योजना से स्वरोजगार शुरू करने वाली जिले की आठ महिला उद्यमियों का सम्मान रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन बोकारो रेंज के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सम्मानित महिलाओं में मौसमी सिन्हा (कपड़ा दुकान), रूबी घोष (बताशा फैक्ट्री), मीना रवानी (पलाश दीदी कैफे), रानी दत्ता (राशन दुकान), गुड़िया कुमार (ब्यूटी पार्लर), नेहा देवी (जूट बैग उत्पादन), बबीता कुमारी (हैचरी) और शोभा गोराई (सिलाई सेंटर) शामिल हैं। उपायुक्त ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना की सहायता से महिलाएं स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
किसानों को मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत पांच ट्रैक्टर और कृषि यंत्र दिए गए। किसान समृद्धि योजना के तहत पांच लाभुकों को सोलर पंप, 21 किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड और 20 को बीज वितरित किए गए। मत्स्य विभाग ने तोपचांची के किशोर केवट को मालवाहक वैन और पांच लाभुकों को मत्स्य विपणन किट दी।
उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए आर्या नमकीन भंडार को 25 लाख, सुखदेव उज्ज्वल फूड प्रोडक्ट को 19 लाख और वैष्णवी एंटरप्राइजेज को 10 लाख रुपये का चेक दिया गया।
वहीं, अनुकंपा के आधार पर चयनित चार अभ्यर्थियों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आठ कर्मियों और आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस और जन वितरण प्रणाली के कर्मियों के साथ खेल, क्विज, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में डीडीसी सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

