धनबाद रिंग रोड मुआवजा घोटाला मामले में एक आरोपित उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

रांची। धनबाद रिंग रोड के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान करोड़ों रुपये के सरकारी मुआवजे के गबन से जुड़े मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार निगरानी थाना कांड संख्या 32/16 के प्राथमिकी अभियुक्त जयनिवास पाण्डेय उर्फ शास्त्री (उम्र 48 वर्ष) को को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पकड़ा गया है।

धनबाद रिंग रोड परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान धनबाद के जिला भू-अर्जन कार्यालय में फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध रूप से करोड़ों रुपये का सरकारी मुआवजा निकालने और गबन का आरोप है। इस मामले में 21 अप्रैल 2016 को निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें भारतीय दंड संहिता (भादवि) की विभिन्न धाराओं, एससी/एसटी एक्ट (1989) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (1988) की धाराएं लगाई गई हैं।

इस मामले के अन्य प्राथमिकी अभियुक्तों में जयनिवास पाण्डेय के बड़े भाई विश्वनाथ शर्मा और उनके गांव के नरसिंह दास शामिल हैं। आरोप है कि इन लोगों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये हासिल करने में सहयोग किया और इनके खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top