रामगढ़ में गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार


रामगढ़। रामगढ़ शहर में गांजा की तस्करी करने वाले एक पिता- पुत्र की गतिविधि का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस की सक्रियता से 22 किलो गांजे के साथ एक युवक रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। साथ ही उसके पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह की भी तलाश की जा रही है।
इस पूरे मामले की जानकारी रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने रविवार को प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुभाष चौक के पास एक गुमटी में अवैध रूप से गांजा की खरीद बिक्री की जा रही है। इस सूचना के आधार पर डीएसपी हेडक्वार्टर अकरम रजा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस जब सुभाष चौक, दुर्गा मंदिर के सामने गुमटी के पास पहुंची तो पुलिस को देखकर एक व्यक्ति से भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने अपना नाम रितेश कुमार बताया। वह न्यू कॉलोनी बगीचा का रहने वाला है।
एसपी ने बताया कि गुमटी की तलाशी लेने के दौरान 960 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ। इसके बाद रितेश की निशानदेही पर उसके घर पर भी छापेमारी हुई। जहां 16 अलग-अलग पैकेट में 21 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि गांजा की तस्करी करने के लिए रितेश और उसके पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह एक अल्टो कार (जेएच 02 वी 2425 )और एक अर्टिगा गाड़ी (जेएच 24 एन 2425) का इस्तेमाल करते थे। उन दोनों गाड़ियों को भी पुलिस ने जब्त किया है।

गिरफ्तार रितेश कुमार को रविवार को जेल भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि रितेश और उसके पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह गांजा कहां से लाते थे, और किन-किन इलाकों में वह सप्लाई करते थे, इसका पता लगाया जा रहा है। रामगढ़ शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र और दूसरे जिलों में भी उनके लिंक का पता लगाया जा रहा है। इस गांजे की तस्करी में शामिल सभी नेटवर्क खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही अन्य तस्करों की भी गिरफ्तारी होगी।
इस छापेमारी दल में रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, सब इंस्पेक्टर रोशन बारा, बीरबल हेंब्रम, जॉनी कुमार, मंजेश कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह सहित अन्य शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top