DSPMU में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन का आयोजन, कुलपति राजीव मनोहर ने की ‘आईडिया लैब’ बनाने की घोषणा

रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में आज ‘स्मार्ट इंडिया हैकथॉन 2026’ (Smart India Hackathon – Internal Hackathon) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर के कर-कमलों द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में कुल 16 अलग-अलग तकनीकी टीमों (Technical Teams) ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपने बेहतरीन तकनीकी कौशल (Technical Skills) का जौहर दिखाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने सभी प्रतिभागी टीमों के नवाचार और प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह के आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों में कौशल विकास (Skills Development) होता है, बल्कि वे समाज के उत्थान और समस्याओं के समाधान में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में जल्द ही एक ‘आईडिया लैब’ (Idea Lab) बनाने की अपनी सहमति भी दी, जिससे विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट्स पर काम करने के लिए बेहतर अवसर मिल सकें।

इससे पहले, कार्यक्रम के समन्वयक (Coordinator) डॉ. अशोक आचार्य ने स्वागत भाषण देते हुए सभी का स्वागत किया और प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपस्थित डॉ राहुल देव साह और डॉ. राजेंद्र कुमार महतो ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, आज का यह आयोजन हमारे विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और रचनात्मकता का एक बेहतरीन मंच है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस दौर में ऐसे हैकथॉन छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक समस्याओं के व्यावहारिक और तकनीकी समाधान खोजने के लिए प्रेरित करते हैं, जो उनके भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे।

छात्रों के प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन करने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम मौजूद थी, जिसमें डॉ. पल्लवी मिश्रा, डॉ. अश्विनी शर्मा, डॉ. अमृतराज महतो, डॉ. आंचल कुमारी, डॉ. विवेक सोनू और सावित्री कुमारी शामिल थीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. आईन साहू, डॉ. राहुल देव साह, डॉ. राजेंद्र कुमार महतो, डॉ. प्रियरंजन प्रियदर्शी और डॉ. वीरेश कुमार समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top