डीएसपीएमयू का तृतीय दीक्षांत समारोह 24 सितंबर को, 6415 छात्रों को मिलेगी डिग्री

रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची का तृतीय दीक्षांत समारोह आगामी 24 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर स्थित दीक्षांत मंडप में आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर शुक्रवार को गांधी सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने तैयारियों और समारोह से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़ों की जानकारी दी। कुलपति ने प्रेस एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि समारोह में कुलाधिपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ. राकेश मोहन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। डॉ. राकेश मोहन विद्यार्थियों को दीक्षांत उद्बोधन भी देंगे। कुलपति के अनुसार, इस दीक्षांत समारोह में कुल 6415 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इनमें 3065 छात्र और 3350 छात्राएं शामिल हैं। समारोह में दो सत्रों के स्नातकोत्तर (पीजी) तथा एक सत्र के स्नातक (यूजी) विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 142 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 93 छात्राएं और 49 छात्र शामिल हैं। इसके अलावा कुल 20 पीएचडी डिग्री भी प्रदान की जाएंगी। कुलपति ने कहा कि कुलाधिपति के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में 2024-26 सत्र के पीजी विद्यार्थियों को भी इस दीक्षांत समारोह में डिग्री प्रदान की जा रही है। उन्होंने इसके लिए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के साथ परीक्षा विभाग के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में विश्वविद्यालय की सभी परीक्षाएं निर्धारित समय पर पूरी करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने और अन्य संस्थानों में प्रवेश लेने में परेशानी न हो। साथ ही विश्वविद्यालय को सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त समय मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top