सेल एमटीआई में स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान, दैनिक कार्य-संस्कृति में सफाई को शामिल करने का आह्वान

राँची: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमटीआई), राँची में ‘स्वच्छता अभियान’ के अंतर्गत श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यपालक निदेशक (एमटीआई एवं एसएसओ) संजय धर ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने स्वच्छता के महत्व और एक स्वच्छ व स्वस्थ कार्यस्थल के निर्माण पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल एक सामयिक अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे अपनी दैनिक कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है।

इसके उपरांत अधिकारियों व कर्मचारियों ने एमटीआई परिसर सहित श्यामली कॉलोनी के आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान किया। सभी ने मिलकर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छ एवं सुंदर परिवेश बनाए रखने का संदेश दिया।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए एमटीआई के मुख्य महाप्रबंधक श्रीमंत मल्लिक ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति का काम नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मियों से अपने कार्यस्थल के साथ-साथ आसपास के वातावरण को भी साफ-सुथरा रखने में निरंतर सक्रिय योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में एमटीआई परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top