नेपाल में बाढ़ की त्रासदी को लेकर साहिबगंज प्रशासन अलर्ट

साहिबगंज। नेपाल में आई बाढ़ को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट मोड में है। झारखंड का साहिबगंज भी बाढ़ की चपेट में है। गंगा नदी की सहायक नदिया गंडक और कोसी में पानी प्रवेश करने लगा है, जिससे गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी की आशंका है।
इस बीच जिला प्रशासन लगातार दियारा क्षेत्र का दौरा कर रही है। साथ ही लोगों से सुरक्षित स्थान पर लौटने की अपील कर रही है। जिला प्रशासन की ओर से मवेशी और लोगों के ठहरने के लिए सेंटर बनाए गए हैं। इन सभी स्थानों पर खाने-पीने और दवा की भी सुविधा उपलब्ध की गई है।
सदर प्रखंड के कारगिल दियारा में गंगा में कटाव जारी हो गया है। दर्जनों घर गंगा की गोद में समा गये है। दियारा क्षेत्र जलमग्न होने लगा है। कई लोग सुरक्षित स्थान पर पलायन करने लगे हैं।
गुरुवार को गंगा नदी खतरे के निशान 27.25 मीटर से 58 सेमी ऊपर बह रही है। सुबह 06 बजे गंगा का जलस्तर 27.85 मीटर पर पहुंच चुका है। हालांकि गंगा नदी के रफ्तार में थोड़ी कमी आयी है लेकिन नेपाल का पानी बिहार की तरफ बढ़ रहा है और गंगा में पानी आने से साहिबंगज में इसका असर दिख सकता है। साथ ही यहां से सटे बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में भी असर दिख सकता है।
जिला प्रशासन संभावित बाढ़ से जानमाल की क्षति न हो, इसे लेकर दियारा क्षेत्र में माइकिंग कर लोगों से अपील कर रही है कि सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। सदर एसडीओ अमर जान आइंद ने बताया कि माइकिंग के जरिए लोगों से सुरक्षित जगहों पर लौटने की अपील की जा रही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए सेंटर बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top