महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा झारखंड की संस्कृति का हिस्सा : इरफान अंसारी

जामताड़ा। जामताड़ा में मंगलवार को आयोजित कर्मा पूजा कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में बहन-बेटियों का सम्मान और सुरक्षा हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का अवसर देना समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि कर्मा पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का उत्सव है। उन्होंने कहा कि जहां कर्म है, वहीं धर्म है। कर्मा पर्व के माध्यम से प्रकृति के सम्मान, अच्छी फसल, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है।
महिलाओं के सम्मान का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि बहनों का सम्मान केवल मंच पर माला पहनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का अधिकार दिलाना ही वास्तविक सम्मान है।
इरफान अंसारी ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने झारखंड सरकार की मंईयां सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि कर्मा पर्व हमारी परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश देता है। ऐसे पर्व सामाजिक समरसता और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ महिलाओं के सम्मान और अधिकार के प्रति समाज को जागरूक करने का भी अवसर देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top