रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने किया पूजा पंडालों का निरीक्षण

रांची। दुर्गा पूजा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने रविवार देर रात से सोमवार तड़के तक शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।
दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात सुचारु रखने के उद्देश्य से एसएसपी ने विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की भीड़, आवागमन के रास्तों और पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
इस क्रम में एसएसपी ने स्थानीय लोगों और शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर पूजा की तैयारियों, क्षेत्र की मौजूदा स्थिति और विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने पूजा पंडालों तक आने-जाने वाले मार्गों, रूट लाइन, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की, जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बना रहे।

निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक , ग्रामीण पुलिस अधीक्षक , यातायात पुलिस अधीक्षक , कोतवाली अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

रांची पुलिस ने श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही विधि-व्यवस्था और यातायात से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top