चक्रवात अकवान के असर से झारखंड में बारिश

सात जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट-चाईबासा के अधिकतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट, 22 नवंबर से मौसम में सुधार की संभावना

रांची। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। बारिश के कारण ठंड और कनकनी बढ़ गई। इससे बच्चों के स्कूल जाने सहित आम लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से 21 नवंबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 22 नवंबर से मौसम में सुधार होने की संभावना है। हालांकि, इस दिन भी राज्यभर में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।

बारिश के कारण चाईबासा के अधिकतम तापमान में शुक्रवार को छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, रांची में एक डिग्री और जमशेदपुर तथा डाल्टनगंज में दो डिग्री की गिरावट आई।

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही काले और घने बादल छाए रहे। इसके बाद दिनभर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होती रही। बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों को दैनिक कामकाज निपटाने में परेशानी हुई।

चक्रवाती तूफान अकवान उत्तर से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके शुक्रवार शाम तक गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 28.2 डिग्री और न्यूनतम 17.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 24.8 डिग्री और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top