राँची: ब्रह्माकुमारीज़ गांधीनगर सेवाकेंद्र में रक्षाबंधन का पावन पर्व अत्यंत स्नेह, सौहार्द और आत्मिक भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं और आत्मिक भाई-बहनों ने एक-दूसरे के प्रति शुभ भावनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी सुरेखा बहन ने सभी को रक्षासूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल और मंगलमय जीवन की कामना की तथा प्रसाद वितरण किया।
अपने संबोधन में ब्रह्माकुमारी सुरेखा बहन ने कहा कि रक्षाबंधन केवल धागों का त्योहार नहीं, बल्कि आत्मिक पवित्रता की प्रतिज्ञा का पर्व है। उन्होंने कहा कि सच्ची रक्षा तभी संभव है जब मनुष्य अपने मन, वचन और कर्म को शुद्ध रखे और विकारों से अपनी रक्षा करे। एक-दूसरे को शुभ भावना और सहयोग का कवच पहनाना ही भाई-बहन के रिश्ते की सच्ची सार्थकता है।
समारोह में मुख्य रूप से शिक्षाविद अनुपानंद प्रसाद और बीके देव भाई उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने सभी को पर्व की बधाई देते हुए संस्थान द्वारा मनाए जाने वाले आध्यात्मिक रक्षाबंधन के स्वरूप की सराहना की। अंत में सभी उपस्थित भाई-बहनों ने परमात्मा की स्मृति में रहकर समाज में शांति और पवित्रता का वातावरण निर्मित करने का संकल्प लिया।

