पीएलएफआई का नक्सली हथियार के साथ धराया, कमांडर फरार

लातेहार। जिले के बरियातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने पीएलएफआई नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक सदस्य को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली की पहचान बालूमाथ निवासी लालदेश्वर यादव के रूप में हुई है। उसके पास से पिस्टल और गोलियां बरामद की गई हैं। हालांकि पुलिस टीम को देखकर भागने के दौरान संगठन का कमांडर बादल यादव अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर निकल गया। उसकी तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
सोमवार को प्रेस वार्ता करते हुए थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि बरियातू में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भवन निर्माणाधीन है। निर्माण कार्य करा रहे संवेदक से पीएलएफआई के लोगों ने लेवी की मांग की थी। रकम नहीं मिलने पर निर्माण स्थल पर हिंसक वारदात की साजिश रची गई थी। रविवार की रात बादल यादव अपने सहयोगी लालदेश्वर यादव के साथ मौके की ओर पहुंचा था।

इसकी भनक लातेहार एसपी कुमार गौरव को लगी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की एक टीम बनाकर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही दोनों आरोपित बाइक से भागने लगे। पीछा करने के दौरान पुलिया के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद दोनों पैदल जंगल की ओर भागे। पुलिस ने लालदेश्वर यादव को पकड़ लिया, जबकि बादल यादव भागने में सफल रहा। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार कमांडर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top