ऑपरेशन मुस्कान 2.0 : रांची पुलिस ने बरामद किए 111 गुम और चोरी हुए मोबाइल, मालिकों को लौटाए

रांची। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान 2.0’ के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम या चोरी हुए कुल 111 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने के लिए मंगलवार को नवीन पुलिस केंद्र, रांची में ‘मोबाइल वितरण समारोह’ आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधिकारियों ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस के प्रति आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए मोबाइल रिकवरी सेल, तकनीकी सेल और संबंधित थाना पुलिस ने समन्वित रूप से काम किया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और अनुसंधान के जरिए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक किया। तकनीकी माध्यमों से बरामद मोबाइल फोन के वर्तमान उपयोगकर्ताओं की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए।

अभियान के तहत बरामद सभी 111 मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस सौंप दिए गए। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने रांची पुलिस की इस पहल की सराहना की।

समारोह में पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह सहित रांची के वरीय पुलिस पदाधिकारी, मोबाइल रिकवरी सेल, तकनीकी शाखा के अधिकारी-कर्मी और संबंधित थाना के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top