देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अहले सुबह उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा मंदिर प्रांगण, क्यू कॉम्प्लेक्स, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक, नेहरू पार्क और बीएड कॉलेज रूट का सघन औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बाबा नगरी आने वाले कांवरियों और शिवभक्तों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बाधारहित वातावरण प्रदान करना है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों की कतार व्यवस्था को निरंतर सुचारू रखा जाए ताकि किसी भी मोड़ या चौक पर श्रद्धालुओं को परेशानी न उठानी पड़े। निरीक्षण के क्रम में वे विशेष रूप से बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम पहुंचे और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र, कांवरिया रूट और जलार्पण कतार की लाइव मॉनिटरिंग की। उन्होंने कंट्रोल रूम के तकनीकी कर्मियों को भीड़ के दबाव और कतार की स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखने का निर्देश दिया ताकि गति धीमी होने पर तुरंत रिस्पांस टीम को सक्रिय किया जा सके।
स्वास्थ्य सुविधाओं को परखने के लिए उपायुक्त ने बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का भी जायजा लिया और तैनात चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने केंद्र में जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता, ऑक्सीजन सिलेंडर और आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही आने वाली सोमवारी को ध्यान में रखते हुए मातृत्व विश्राम गृह में माताओं और शिशुओं के लिए सभी जरूरी सुविधाएं दुरुस्त रखने तथा अमानत घरों (क्लॉक रूम) में कांवरियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।
विधि-व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने विभिन्न संवेदनशील मोड़ों पर बनाए गए पुलिस आउटपोस्ट (ओपी) का भी निरीक्षण किया और पुलिस पदाधिकारियों को हर वक्त मुस्तैद रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त सभी वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस जवानों को स्पष्ट लहजे में कहा कि यह ड्यूटी केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं बल्कि सेवा का पुनीत अवसर है, इसलिए सभी कर्मी ‘सेवा भाव’ के साथ श्रद्धालुओं की सहायता करें ताकि शिवभक्त देवघर से एक सुखद संदेश लेकर लौटें।
इस निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी श्री संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत कई अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

