रांची में पुराने विकास कार्यों की हकीकत जानने उतरे सांसद परिमल नाथवानी, अस्पताल और गोद लिए गांव का किया निरीक्षण

रांची। राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने झारखंड में अपने पिछले दो कार्यकालों के दौरान कराए गए विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के लिए रांची के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रातू रोड स्थित निगम अस्पताल, करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास और अपने द्वारा गोद लिए गए आदर्श ग्राम बड़ाम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।

​अस्पताल में गरीबों के इलाज पर रहा फोकस

दौरे की शुरुआत में श्री नाथवानी रातू रोड स्थित निगम अस्पताल पहुंचे, जिसका निर्माण उनके प्रयासों से हुआ था। उन्होंने अस्पताल संचालकों से प्रबंधन, रखरखाव और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी ली। गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने व्यवस्था में मौजूद कमियों को जल्द दूर करने के लिए अपनी टीम को सख्त निर्देश दिए।

​आदिवासी छात्रावास के छात्रों से किया संवाद

इसके बाद सांसद करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर पहुंचे और वहां निर्मित पुस्तकालय भवन का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं व समस्याओं को सुना और छात्रावास व पुस्तकालय की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

​6 साल बाद गोद लिए गांव बड़ाम पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

निरीक्षण के अगले चरण में श्री नाथवानी बड़ाम स्थित आदर्श ग्राम पहुंचे, जिसे उन्होंने पूर्व कार्यकाल में गोद लिया था। करीब छह वर्षों बाद अपने सांसद को बीच पाकर ग्रामीणों में भारी उत्साह और भावुकता देखने को मिली। महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक झारखंडी रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया।

​यहां सांसद ने आवासीय विद्यालय के छात्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्र की नर्सों और लीगल एड क्लिनिक के संचालकों से बातचीत कर जमीनी हकीकत जानी। ग्रामीणों के साथ संवाद कर उन्होंने क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों को सुना और पुरानी योजनाओं के बेहतर संचालन का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के बाद वे रांची लौट आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top