खूंटी: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) की केंद्रीय टीम और जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के एडवाइजर (क्यूपीएस, एनएसआरसी) डॉ. राजीव ने की।

बैठक की शुरुआत करते हुए खूंटी के सिविल सर्जन डॉ. ललित नारायण पाठक ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से जिले की स्वास्थ्य उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा रखा। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (मैटरनल व चाइल्ड हेल्थ) सहित विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों में हुए सुधार और जिले में अपनाई जा रही ‘बेस्ट प्रैक्टिसेज’ की जानकारी केंद्रीय टीम को दी। इस पर केंद्रीय टीम ने कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए संसाधनों के बेहतर उपयोग और चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कॉमन रिव्यू मिशन की यह केंद्रीय टीम 22 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का सघन भ्रमण करेगी। इस दौरान टीम द्वारा जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण कर मानव संसाधन, दवाइयों की उपलब्धता और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखी जाएगी। साथ ही, ग्रामीण व समुदाय स्तर पर जाकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भूमिका और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाएगा। भ्रमण पूरा होने के बाद केंद्रीय टीम एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर राज्य और केंद्र सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए आगामी नीतियां तय की जाएंगी।
बैठक में दिल्ली से आई केंद्रीय टीम में डॉ. प्रियंका ग्रोवर, डॉ. निधि निगम, संदीप शर्मा, डॉ. नवीन कामले और सुगंधा शुमन शामिल रहे। वहीं, राज्य स्तर से शिशु स्वास्थ्य के नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय राजक सहित जिला स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
