खूंटी/तोरपा। तोरपा रेफरल अस्पताल के नए एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन का लोकार्पण बुधवार को सांसद कालीचरण मुंडा सहित अन्य अतिथियों ने किया।
मौके पर सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि सिविल सर्जन और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि सरकार ने इस अस्पताल को जो सुविधा उपलब्ध कराई है वे सारी सुविधाएं जनता को मिले। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी उपलब्धि यही होगी कि यहां जो भी रोगी यहां आएं वे संतुष्ट होकर और खुशी मन से अपने घर लौटें।
इस इलाके में ना तो सड़क थी और ना ही चिकित्सा की कोई सुविधा थी, लेकिन राज्य सरकार के प्रयास से गांव-गांव तक चिकित्सा सुविधा पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पर्याप्त संख्या में चिकित्सा और चिकित्सा कर्मी की उपलब्धता भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गांवों में भी लोगों को चिकित्सा सुविधा मिले। विधायक ने कहा कि हमारी सरकार शहरों से चलने वाली नहीं, बल्कि गांव से चलने वाली सरकार है उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की यह जिम्मेदारी है कि वे सुनिश्चित करें कि मरीजों को बेहतर सुविधा मिले।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास होगा कि और अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति अस्पताल में हो। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों को चेतावनी देते हुए कहा कि ड्यूटी नहीं करने वाले डॉक्टर अपना तबादला करा लें।
वहीं सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने कहा कि पहले की तुलना में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है। जल्द ही तोरपा रेफरल अस्पताल को 50 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। बीडीओ नवीन चंद्र झा ने कहा कि अस्पताल में जरूरत के अनुरूप कर्मियों की कमी है, लेकिन उपलब्ध संसाधनों और कर्मियों के माध्यम से बेहतर सेवा देकर आम जनता का विश्वास जीतना जरूरी है।
जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया और झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कानन बाला तिर्की ने किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनुमिता रानी, बीडीओ नवीन चंद्र झा, अंचलाधिकारी पूजा बिन्हा सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

