धनबाद। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर धनबाद पुलिस ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। अक्टूबर महीने में पुलिस ने दर्ज मामलों की तुलना में 71 अधिक कांडों का निष्पादन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में अक्टूबर के दौरान 412 आपराधिक मामले दर्ज हुए, जबकि पुलिस ने 483 मामलों का निष्पादन किया। इसके साथ ही लंबित मामलों की संख्या घटकर 1562 रह गई है। एसएसपी प्रभात कुमार ने नवंबर के अंत तक लंबित मामलों की संख्या 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में मंगलवार को एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में अक्टूबर माह की अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, यातायात व्यवस्था और आगामी छठ महापर्व की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई।
एसएसपी ने बताया कि अक्टूबर महीने में कोई बड़ी आपराधिक वारदात सामने नहीं आई। चोरी और चेन छिनतई की घटनाओं में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश दिया।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात नियंत्रण के लिए प्रमुख चौक-चौराहों तथा संवेदनशील स्थानों पर 149 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। वहीं, अक्टूबर महीने में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से करीब 53 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
शहर में जाम की समस्या को लेकर भी एसएसपी ने विशेष निर्देश दिए हैं। गोविंदपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण लगने वाले जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सरायढेला बिग बाजार, हीरापुर, श्रमिक चौक और बैंक मोड़ जैसे व्यस्त इलाकों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। एसएसपी ने पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने को भी जाम की प्रमुख वजह बताया। इसके स्थायी समाधान के लिए नगर आयुक्त के साथ बैठक कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
आगामी छठ महापर्व को लेकर भी धनबाद पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। प्रमुख छठ घाटों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। अधिक भीड़भाड़ वाले घाटों पर ड्रोन के जरिए नजर रखी जाएगी, जबकि चिन्हित खतरनाक घाटों पर गोताखोरों की तैनाती होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों तक जाने वाले रास्तों और प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त रोशनी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने अधिकारियों को सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समय रहते तैयारियां पूरी करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, कुर्की-वारंट का निष्पादन और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे पर विशेष जोर रहेगा।

