निशा भगत आत्महत्या मामले में पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर, एसआईटी गठित

रांची। राजधानी रांची के चर्चित निशा भगत आत्महत्या मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्हें भी जांच के दायरे में रखा गया है।

मृतका के पिता हंदू भगत की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पिता के आवेदन में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने निशा की बदनामी की और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि छह नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं और रोते हुए अपनी परेशानी साझा की थी। लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों की कथित प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने लाइव के दौरान अजय तिर्की का नाम भी लिया था।

बताया गया है कि आत्महत्या से पहले निशा ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने बुलाने की बात कहकर फोन काट दिया था।

इस मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगने की बात कही है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी स्वतः संज्ञान लिया है।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच कराने को कहा है। उन्होंने निशा के फेसबुक लाइव, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top