घर का ताला तोड़कर नकदी-जेवर सहित तीन लाख की चोरी

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र के जुड़ी गांव में काली पूजा की रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और पीतल के बर्तन सहित करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। गृहस्वामी विकास गोप ने पोटका थाना में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया कि काली पूजा के अवसर पर विकास गोप अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे, जबकि उनकी मां घर पर अकेली थीं। रविवार की रात करीब 8:30 बजे उनकी मां घर में ताला लगाकर गांव स्थित मंदिर में काली पूजा करने चली गईं। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए।

रात करीब 3:30 बजे पूजा समाप्त होने के बाद जब विकास गोप की मां घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दो गोदरेज, बक्से और अन्य सामानों को खंगालकर कीमती वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया था।

परिजनों के अनुसार घर से करीब 45 हजार रुपये नकद, लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा शादी में मिले पीतल के बर्तन चोरी हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top