खूंटी: जिले में बुधवार की सुबह दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ आरसी मध्य विद्यालय के फादर बेनेदिक बारला पर स्कूल कार्यालय के भीतर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में फादर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, फादर बेनेदिक बारला अपने कार्यालय कक्ष में रोजमर्रा के कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर अचानक कार्यालय में दाखिल हुए और उन पर अचानक हमला बोल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे। अचानक हुई इस घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
दिनदहाड़े स्कूल परिसर में घुसकर फादर पर हुए इस हमले के बाद स्थानीय लोगों, अभिभावकों और मसीही समुदाय में गहरा आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुँचा और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

