रांची। जेपीएससी की परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर शुक्रवार को आईसा और एआईएसएफ सहित अन्य वाम छात्र संगठनों ने राजधानी रांची के मेन रोड में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जेपीएससी से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और अभ्यर्थियों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि झारखंड के हजारों छात्र-युवा वर्षों से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। परीक्षा में देरी, भर्ती प्रक्रिया की अनिश्चितता और लंबित नियुक्तियों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। सरकार को रोजगार के सवाल को गंभीरता से लेते हुए सभी रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
कार्यक्रम को एआईवाईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड रामशरण कुमार सिन्हा, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दिनेश श्रीरंगानाथ, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (एआईवाईएफ) झारखंड के सचिव और कार्यकारी राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजय सिंह, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के राष्ट्रीय परिषद सदस्य सलमान सिद्दीकी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। छात्र संगठनों की मुख्य मांगों में जेपीएससी की परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने, परीक्षा एवं नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध करने, लंबित परीक्षाओं और परिणामों को शीघ्र जारी करने, राज्य के सभी रिक्त सरकारी पदों पर नियमित भर्ती शुरू करना सहित अन्य शामिल है।

