कर्रा सड़क हादसा : घायलों से मिले विधायक सुदीप गुड़िया, मृतकों के परिजनों को दी आर्थिक सहायता

खूंटी। खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया शुक्रवार को सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। विधायक ने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर और समुचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस दौरान विधायक ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को आर्थिक सहायता भी दी।

विधायक ने कहा कि यह दुर्घटना पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद और हृदयविदारक है। सात लोगों की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। विशेष रूप से तीन महिलाओं और चार मासूम बच्चों की मौत अत्यंत पीड़ादायक है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है।

विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर मृतकों के पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपे जाएं, जिससे कि परिवारजन सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर सकें। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझें। एक जनप्रतिनिधि के रूप में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

विधायक ने दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top