वैश्विक व्यापार के हित में भारत-अमेरिका व्यापार समझौता जल्द पूरा किया जाएगा: सीतारमण

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को उम्मीद जताई कि वैश्विक व्यापार और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों के हित में भारत -अमेरिका व्यापार समझौता जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

वित्त मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया कि सीतारमण ने बैंकॉक (थाईलैंड) में अयोजित अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष-विश्व बैंक की वार्षिक बैठकों के दौरान (साउथ एशिया) के रेजिडेंट सीनियर फेलो माइकल कुगेलमैन के साथ एक इंटरैक्टिव सत्र के दौरान यह बात कही।

उन्होंने कहा, ” दोनों देश के बीच बातचीत अभी चल रही है। मुझे उम्मीद है कि वैश्विक व्यापार और दोनों साझेदारों, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार के हित में, यह व्यापार समझौता जल्द से जल्द पूरा हो जाएगा।” सीतारमण ने कहा कि बीजिंग के साथ कई सालों की बातचीत के बावजूद, बढ़ता व्यापार असंतुलन और चीन में भारतीय उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच पर लगातार लगी पाबंदियां अभी भी बड़ी चिंता का विषय बनी हुई हैं। केंद्रयी वित्तमंत्री ने बताया कि भारत, तमाम मुश्किलों के बावजूद, अपनी विकास दर को बनाए रखने में कामयाब रहा है।

वित्तमंत्री ने भारत की जीडीपी ग्रोथ पर कहा कि असल में कोविड के बाद पिछले चार-पांच सालों में हम सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था रहे हैं। ये प्रदर्शन उन प्रयासों के अनुरूप है जो हम लगातार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके मुख्य कारणों में ‘समावेशी’ होना शामिल है।

सीतारमण ने कहा कि यह सुनिश्चित करना कि सभी को संसाधनों तक पहुंच मिले, युवाओं को कौशल विकास के अवसर मिलें, और इसके साथ ही यह भी ध्यान रखना कि इस प्रक्रिया में वित्तीय अनुशासन बना रहे। हम इस बात को लेकर सजग हैं कि सार्वजनिक धन के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी है। इसलिए, हमें यह अच्छी तरह पता है कि हम बेतहाशा पैसा खर्च नहीं कर सकते, भले ही हमें अर्थव्यवस्था के कमज़ोर तबकों का ख्याल रखना पड़े।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का पहला चरण तय हो चुका है और अभी इसका कानूनी मसौदा तैयार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top