लातेहार में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर के नीचे दबा ऑटो, छह लोगों की मौत

लातेहार। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गयी। घटना चंदवा थाना क्षेत्र के चंदवा-चापी-लोहरदगा मार्ग पर डेढ़टंगवा घाटी के पास घटी। यहां कंटेनर ने पहले एक बाइक सवार को चपेट में ले लिया उसके बाद अनियंत्रित होकर ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गया। घटना में मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई।
जबकि ऑटो पर सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी है। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और झारखंड से राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार, लातेहार सदर थाना क्षेत्र के सासंग गांव के लोग ऑटो पर सवार होकर लोहरदगा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डेढ़टंगवा घाटी के पास सामने से आ रहे कंटेनर ने एक बाइक सवार को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कंटेनर के नीचे दब गया। ऑटो में सवार करीब 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों में एक ही परिवार के लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। लातेहार एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि छह लोगों की मौत हो गई। राहत और बचाव कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top