पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह ट्रेलर और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कुदापी डाउन के पास हुआ। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, कार में सवार आठ से नौ महीने का एक बच्चा सुरक्षित बच गया। उसे मामूली खरोंचें आई हैं और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, कार सवार परिवार छत्तीसगढ़ की ओर से टाटानगर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर हाटगम्हरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। सुरक्षित बचे मासूम बच्चे को भी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।
