मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रांची: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मोरहाबादी मैदान में समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले इस भव्य राजकीय समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे।

​फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन की देखरेख में किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस के दिन आयोजित होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का सटीक अनुकरण किया गया तथा भारत सरकार द्वारा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से संबंधित जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन हुआ। उपायुक्त एवं एसएसपी ने परेड की सलामी ली और परेड में शामिल सभी टुकड़ियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

​समारोह के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की एक संयुक्त ब्रीफिंग भी आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को ताकीद की कि वे अपने प्रतिनियुक्ति स्थल की पूरी जानकारी रखें और अतिथियों के आगमन तथा निर्गमन की व्यवस्था समयबद्ध तरीके से संभालें। वहीं एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि समारोह स्थल पर आने वाले सभी आगंतुकों की सघन जांच की जाए ताकि कोई भी अवांछित व्यक्ति या सामग्री अंदर न पहुंच सके। सुरक्षा के दृष्टिकोण से कार्यक्रम स्थल पर आम लोगों या निजी तौर पर ड्रोन वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर पूरी तरह से रोक रहेगी, केवल अधिकृत विभाग ही ड्रोन का उपयोग कर सकेगा।

​इस बार परेड में केंद्रीय सुरक्षा बलों, राज्य पुलिस और एनसीसी की कुल 14 प्लाटून हिस्सा ले रही हैं। इनमें सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, उड़ीसा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप की विभिन्न शाखाएं, रांची जिला पुलिस की पुरुष एवं महिला टुकड़ियां, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी तथा एनसीसी की बॉयज व गर्ल्स प्लाटून शामिल हैं। इसके साथ ही जैप और गृह रक्षा वाहिनी की बैंड पार्टियां भी परेड की शोभा बढ़ाएंगी।

​समारोह में परेड के फर्स्ट इन कमान के रूप में 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री राघवेन्द्र शर्मा नेतृत्व करेंगे, जो वर्तमान में रामगढ़ जिला में पदस्थापित हैं। वहीं सेकेंड इन कमान के रूप में परिचारी प्रवर द्वितीय श्री अनिश मोमित कुजूर जिम्मेदारी संभालेंगे। आम नागरिकों की सुविधाओं और शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जिला प्रशासन का व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर ‘अबुआ साथी’ (9430328080) भी निरंतर कार्यरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top