रांची : 10 अगस्त को छात्रों के विधानसभा घेराव के बाद भी आंदोलन जारी है। हालांकि धरनास्थल पर छात्रों की संख्या में कमी आई है, लेकिन आंदोलन को फिर तेज करने की तैयारी चल रही है। छात्रों ने कहा है कि सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
छात्रों के आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और 100 से अधिक अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्ट
सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। कई रूटों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मोरहाबादी से सूचना भवन की ओर आने-जाने वाले मार्ग को भी डायवर्ट किया गया है। ट्रैफिक डायवर्जन के कारण कचहरी चौक सहित आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही। कार्यालय, स्कूल और कॉलेज जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस और प्रशासन अलर्ट
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस मुख्यालय सतर्क है। संवेदनशील चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सादे लिबास में पुलिस एवं खुफिया विभाग के जवान भी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। ड्रोन कैमरों से आंदोलन और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि किसी को भी कानून-व्यवस्था अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
