नाला में कौशल इंटरनेशनल प्राथमिक विद्यालय का शिलान्यास, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने रखी आधारशिला

जामताड़ा। जामताड़ा जिला अंतर्गत नाला प्रखंड क्षेत्र के नूतनडीह में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। यहां कौशल इंटरनेशनल प्राथमिक विद्यालय के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने बतौर मुख्य अतिथि फीता काटकर एवं शिलान्यास पट्टिका का अनावरण कर आधारशिला रखी। यह शिलान्यास आश्विन शुक्ल पक्ष नवमी सोमवार को संपन्न हुआ। इस विद्यालय का संचालन ग्लोबल एजुकेशन ट्रस्ट, नई दिल्ली द्वारा किया जाएगा।इस दौरान बाबनी माजी ने गुलदस्ता देकर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो का स्वागत किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली नींव है। नाला जैसे सुदूर और आदिवासी बहुल क्षेत्र में इस तरह के आधुनिक विद्यालय का खुलना हमारे बच्चों के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।उन्होंने आगे कहा कि मेरी हमेशा से कोशिश रही है कि नाला के हर गरीब, आदिवासी और वंचित परिवार के बच्चे को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उसके घर के पास ही मिले, ताकि उसे शिक्षा के लिए बाहर भटकना न पड़े। यह विद्यालय गरीब बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ेगा। मैं ट्रस्ट से आग्रह करूंगा कि यहां के स्थानीय युवाओं को भी रोजगार से जोड़ा जाए। इस नेक कार्य के लिए ग्लोबल एजुकेशन ट्रस्ट को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।इस दौरान भूतपूर्व कुलपति एवं ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सिकंदर प्रसाद यादव ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ बिल्डिंग बनाना नहीं, बल्कि एक संस्कारयुक्त और आधुनिक शिक्षा प्रणाली देना है। हम यहां दिल्ली स्तर की सुविधाओं के साथ ग्रामीण परिवेश के बच्चों को तैयार करेंगे, ताकि वे किसी भी प्रतियोगिता में पीछे न रहें। उन्होंने कहा कि अभी तो ये शुरुआत है प्रथम श्रेणी से पांचवी श्रेणी तक पढ़ाई करने का बाद में इसको बढ़ाते हुए पीजीटी तक ले जाने का संकल्प लिया गया है।ट्रस्ट के सचिव एवं सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता कौशल किशोर ने कहा कि यह विद्यालय मेरे पैतृक क्षेत्र के प्रति समर्पण है। ग्लोबल एजुकेशन ट्रस्ट का लक्ष्य है कि शिक्षा को व्यवसाय नहीं, सेवा के रूप में देखा जाए। यहां कम फीस में उच्च स्तरीय अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा दी जाएगी।वहीं बीईईओ मिलन कुमार घोष ने कहा कि प्रखंड में एक और निजी लेकिन सेवा भाव से संचालित विद्यालय खुलने से शिक्षा विभाग को भी मदद मिलेगी। इससे ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी और नामांकन में बढ़ोतरी होगी। विभाग की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।उप-प्रमुख समर माजी ने कहा कि यह नूतनडीह ही नहीं, पूरे नाला प्रखंड के लिए गर्व की बात है। विधानसभा अध्यक्ष जी के प्रयास से आज यह संभव हो पाया है। पंचायत की ओर से विद्यालय प्रबंधन को हर मदद का आश्वासन देते हैं।
मौके पर कार्यक्रम का मंच संचालन सफीक अंसारी ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन नाला पंचायत के मुखिया अजित मुर्मू दिया ।इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख कलावती मुर्मू,
प्रखंड अध्यक्ष उज्जवल भट्टाचार्य,बासुदेव हांसदा, एसडीपीओ किशोर तिर्की, मुखिया अजित मुर्मू, सेख जहांगीर, बासुदेव महतो,रंजीत डोकानिया,धरम माजी,सेख मूस्ताक ,नुनूधन किस्कू,मनोरंजन सिंह,गुलशन अली, अशोक महतो,जनार्दन भंडारी,भवसिंधु लायक, राजू दास,सोमनाथ दास,राजा मुर्मू लक्ष्मीकांत माजी,दीपक साधु
थाना प्रभारी विकास यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top