खूंटी। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास दीपावली के पूर्व शनिवार को खूंटी पहुंचे। यहां भगत सिंह चौक पर उन्होंने स्थानीय लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और ई-रिक्शा चालकों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया।
खूंटी पहुंचने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह चौक स्थित महतो चाय दुकान पहुंचे। वहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चाय की चुस्की के बीच काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान उनका सहज और पारिवारिक अंदाज देखने को मिला। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना और उनके साथ विभिन्न विषयों पर बातचीत की।
अचानक अपने बीच पूर्व मुख्यमंत्री को पाकर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखा गया। इस दौरान रघुवर दास की नजर भगत सिंह चौक के बीच सड़क पर बने गड्ढे पर पड़ी। सड़क की जर्जर स्थिति को देखकर उन्होंने चिंता जताई और इस ओर ध्यान आकर्षित किया। व्यस्त चौक के बीच सड़क पर गड्ढा होने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को होने वाली परेशानी भी चर्चा का विषय बनी।
पूर्व मुख्यमंत्री की यह यात्रा किसी औपचारिक कार्यक्रम के बजाय कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच सहज संवाद का अवसर बनी। दीपावली के मौके पर हुई इस मुलाकात में आपसी प्रेम, अपनापन और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो, प्रियंक भगत सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

