लातेहार। बालूमाथ मुख्य पथ पर बढ़ते अतिक्रमण और कोयला वाहनों के परिचालन से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इन गंभीर समस्याओं के समाधान को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। डीसी ने मुख्य पथ को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराने और कोयला ढुलाई से फैल रहे प्रदूषण पर प्रभावी रोकथाम के कड़े निर्देश दिए हैं। मामले के स्थायी समाधान के लिए 3 अक्टूबर को बालूमाथ प्रखंड कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।
बालूमाथ मुख्य पथ पर कई स्थानों पर दुकानदारों और स्थानीय लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिए जाने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि नियमानुसार अभियान चलाकर सभी अतिक्रमित स्थलों को शीघ्र खाली कराया जाए और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिक्रमण हटाने और कोयला वाहनों के परिचालन से जुड़ी समस्याओं का हल सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय बनाकर निकाला जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों और आम ग्रामीणों के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर व्यावहारिक हल तलाशें।
कोयला ढुलाई से उड़ने वाली धूल, प्रदूषण और यातायात की समस्याओं के स्थायी निराकरण के लिए 3 अक्टूबर को प्रखंड कार्यालय में होने वाली बैठक में प्रशासनिक पदाधिकारियों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और ग्रामीण भाग लेंगे। इस दौरान मुख्य पथ को अतिक्रमण मुक्त कराने, निजी एवं यात्री वाहनों के लिए निर्धारित पड़ाव सुनिश्चित करने, जर्जर सड़क की मरम्मत कराने तथा कोयला लदे वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लगाने जैसे तमाम अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।
