हँसडीहा/हँसडीहा थाना क्षेत्र में सोमवार की अहले सुबह बाइक लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना दुमका–हंसडीहा मुख्य मार्ग पर लकड़ाटांड़ स्थित हरदिया नदी के समीप की बताई जा रही है। इस घटना में लकड़ाटांड़ निवासी शिवलाल हांसदा के बाएं पैर में गोली लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवलाल हांसदा सुबह करीब पांच बजे अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान हरदिया नदी के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और बाइक छीनने का प्रयास किया। शिवलाल ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गोली चला दी, जो उनके बाएं पैर में लगी।
गोली लगने के बावजूद शिवलाल ने हिम्मत नहीं छोड़ी और बाइक पर ही बैठे रहे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। लोगों की आवाजाही बढ़ती देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सुबह के समय मुख्य सड़क पर हथियार के बल पर बाइक लूट की कोशिश और फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घायल शिवलाल हांसदा से घटना की जानकारी ली तथा फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर घटना को बाइक लूट के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसंधान के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
