रांची रेल मंडल में पहली बार ‘इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट-2026’ का भव्य आगाज

रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संघ (SERSA), रांची के तत्वावधान में हटिया स्थित हॉकी स्टेडियम में पहली बार ‘इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट-2026’ का आयोजन शुरू हुआ। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सह अध्यक्ष/SERSA करुणा निधि सिंह एवं सर्वो (SERWWO) की अध्यक्षा निधि सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।


कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना, थीम सॉन्ग पर सांस्कृतिक प्रस्तुति और स्काउट एवं गाइड के ढोल की ताल पर प्रतिभागी दलों के आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। इस दौरान अतिथियों ने SERSA रांची के प्रतीक चिन्ह का अनावरण किया और आसमान में गुब्बारे उड़ाकर खेल महोत्सव के शुभारंभ की घोषणा की।


उद्घाटन के पहले दिन एथलेटिक्स ट्रैक पर रेलकर्मियों ने जोरदार दमखम दिखाया। इसमें पुरुष एवं महिला कर्मचारियों के लिए 100 मीटर की फर्राटा दौड़ तथा पुरुष कर्मचारियों के लिए 400 मीटर रिले दौड़ आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने कहा कि खेल कर्मचारियों में अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सौहार्द विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से सच्ची खेल भावना का परिचय देने का आह्वान किया। पहली बार आयोजित इस अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिता से कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय और खेल प्रतिभा को नया मंच मिल रहा है।
इस अवसर पर सर्वो की उपाध्यक्षा अजीता रानी, अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सह मंडल क्रीड़ा अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्रेया सिंह सहित मंडल के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top