DSPMU ने जारी की स्नातक नामांकन की तीसरी औपबंधिक प्रवेश सूची, 31 जुलाई से 2 अगस्त तक होगी काउंसलिंग

चयनित अभ्यर्थियों को मूल प्रमाण-पत्रों के साथ संबंधित विभाग में उपस्थित होना अनिवार्य; 3 और 4 अगस्त को खेल एवं सैन्य श्रेणी के प्रमाण-पत्रों का होगा सत्यापन

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची ने स्नातक सत्र 2026-30 में विभिन्न पारंपरिक एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए तीसरी औपबंधिक प्रवेश सूची गुरुवार शाम 6 बजे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी। इस सूची के आधार पर तीसरे चरण की काउंसलिंग एवं नामांकन प्रक्रिया 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, तीसरी औपबंधिक प्रवेश सूची में चयनित सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों के दौरान अपने सभी मूल प्रमाण-पत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विभाग में उपस्थित होकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि चयनित अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर पूर्वाह्न 10:30 बजे संबंधित विभागों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई से विश्वविद्यालय स्नातक नामांकन प्रक्रिया के अंतिम चरण में प्रवेश करेगा। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 2 अगस्त (रविवार) को अवकाश होने के बावजूद नामांकन प्रक्रिया जारी रखी जाएगी।

डीएसडब्ल्यू डॉ. सर्वोत्तम कुमार ने बताया कि खेल एवं सैन्य श्रेणी के तहत प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों का सत्यापन 3 और 4 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सभी पारंपरिक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की अद्यतन शुल्क सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) डॉ. राजेश कुमार सिंह ने इस संबंध में जानकारी साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top