पांच हजार से अधिक श्रद्धालु बने कपाट बंद होने के साक्षी, पंचमुखी डोली रामपुर रवाना
केदारनाथ/रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के अवसर पर सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कपाट बंद होने की प्रक्रिया के साक्षी बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित पांच हजार से अधिक श्रद्धालु बने। कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह पंचमुखी डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच जय श्री केदार के उद्घोष के साथ पहले पड़ाव रामपुर के लिए रवाना हुई। इस यात्रा वर्ष में रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।
भैयादूज पर आज सुबह 3:30 बजे मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया। सुबह पांच बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी और वेदपाठियों की उपस्थिति में स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके बाद भगवान की पंचमुखी डोली सभा मंडप से बाहर मंदिर परिसर में लाई गई। इस दौरान पूरा परिसर ‘जय श्री केदार’ और ‘ऊं नम: शिवाय’ के उद्घोष से गूंज उठा। सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।
कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर को फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए दानदाताओं और आईटीबीपी की ओर से भंडारे भी आयोजित किए गए। हाल के दिनों में आसपास की पहाड़ियों पर बर्फबारी के कारण धाम में ठंड बढ़ गई है। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि 12 नवंबर को डोली विश्वनाथ मंदिर, गुप्तकाशी पहुंचेगी। इसके बाद 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी, जहां शीतकाल में भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना होगी। उन्होंने बताया कि कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत सात नवंबर को भगवान केदारनाथ के रक्षक भकुंट भैरवनाथ के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे।
कपाट बंद होने के अवसर पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, श्री केदार सभा और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का श्री केदारनाथ धाम से विशेष लगाव रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों में इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, समिति सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

