देहरादून। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में सोमवार को शपथ ली। लोकभवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा सहित कई नेता उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, योगगुरु स्वामी रामदेव और परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानन्द सरस्वती भी समारोह में शामिल हुए। राज्यपाल बिसेन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उत्तराखंड की सेवा का अवसर देने के लिए वह देश के शीर्ष नेतृत्व के आभारी हैं। उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का केंद्र है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ आदि कैलाश और जागेश्वर धाम जैसे पवित्र स्थल इसकी विशिष्ट पहचान हैं।
उन्होंने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां के युवा, किसान और मातृशक्ति प्रदेश की ताकत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखंड के विकास को लेकर व्यक्त किए गए दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे।

